नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आज कहा कि महाराष्ट्र में पार्टी शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाए तो अच्छा होगा।

आडवाणी ने दोनों राज्यों के चुनाव परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी यदि उन्हें कहेगी तो महाराष्ट्र में वह शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने का प्रयास करेंगें। उन्होंने कहा कि भाजपा से शिवसेना का बहुत पुराना संबंध रहा है और यह कायम रहे तो अच्छा होगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान लोगों का जो (मूड) था वह इस विधानसभा चुनाव तक कायम है। उल्लेखनीय है कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है लेकिन वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इस चुनाव में भाजपा का शिवसेना से गठबंधन नहीं हो सका था।