अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। हालांकि दूसरे सोमवार को फिल्म के कारोबार में उम्मीद से अधिक गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन मेकर्स और ट्रेड एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि 'ब्लॉकबस्टर ट्यूजडे' ऑफर के चलते दूसरे मंगलवार यानी 13वें दिन फिल्म के कलेक्शन में फिर से जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं रिलीज के बाद से अब तक फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर कैसा रहा है।
शानदार रहा है पहला हफ्ता और शुरुआती रुझान
फिल्म ने अपनी रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया था। 'दृश्यम 3' ने अपने पहले हफ्ते में ताबड़तोड़ कमाई करते हुए 245.50 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा पार कर लिया था। इसके बाद दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। फिल्म ने आठवें दिन 14.50 करोड़, नौवें दिन यानी दूसरे शनिवार को जबरदस्त उछाल के साथ 26.50 करोड़ और दसवें दिन 22.50 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। हालांकि, 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आई और यह सिर्फ 6.25 करोड़ रुपये ही जुटा पाई। इसके साथ ही भारत में फिल्म की 11 दिनों की कुल नेट कमाई 315.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
12वें दिन की कमाई और कुल कारोबार
फिल्म की रफ्तार धीमी जरूर हुई है, लेकिन इसका कुल कलेक्शन एक बड़े मुकाम पर पहुंच चुका है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 12वें दिन दोपहर 3 बजे तक फिल्म ने लगभग 2.15 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसी के साथ भारत में फिल्म की 12 दिनों की कुल नेट कमाई अब बढ़कर 317.40 करोड़ रुपये हो गई है। हालांकि, 12वें दिन के फाइनल आंकड़े देर रात तक ही सामने आएंगे, जिसके बाद साफ हो जाएगा कि फिल्म ने दिनभर में कुल कितना कारोबार किया है।
विदेशों में भी गूंज रहा है फिल्म का डंका
घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विदेशों में भी अजय देवगन की इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। 'दृश्यम 3' ने ओवरसीज मार्केट में 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अकेले 11वें दिन विदेशों में 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसकी कुल ओवरसीज कमाई अब तक 111.50 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, घरेलू और विदेशी आंकड़ों को मिला दिया जाए तो इस थ्रिलर फिल्म ने दुनियाभर में अब तक कुल 489.74 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर डाला है और यह 500 करोड़ क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच चुकी है।





