इंदौर: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही टी-20 श्रृंखला का बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला आज यानी रविवार शाम 7:00 बजे से इंदौर के ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों देशों की क्रिकेट टीमें शनिवार (10 अक्टूबर) को ही इंदौर पहुंच चुकी हैं। इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के बाद दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं, जिसके चलते आज का यह मुकाबला सीरीज के लिहाज से बेहद रोमांचक और निर्णायक माना जा रहा है। खेल प्रेमियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं और स्टेडियम के आसपास लगभग 1500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

मैच के दौरान बंद रहने वाले प्रमुख मार्ग

याचयात को सुचारु बनाए रखने और जाम से बचने के लिए शहर के कई रास्तों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी:

  • लेटन चौराहे से जंजीरवाला चौराहे और इंडस्ट्रीज क्षेत्र की ओर जाने वाला मार्ग।

  • घंटाघर से जंजीरवाला चौराहे और लेटन चौराहे तक का हिस्सा।

  • पलासिया और घंटाघर से हाई कोर्ट होते हुए लेटन चौराहे की ओर जाने वाला रास्ता।

पासधारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल

  • P-1 से P-4: सांची प्वॉइंट से होते हुए स्टेडियम के उषाराजे गेट से प्रवेश।

  • P-5: इंदौर टेनिस क्लब रोड साइड।

  • P-6: अभय प्रशाल रोड साइड।

  • P-7: इंदौर टेनिस क्लब परिसर।

  • P-8: अभय प्रशाल परिसर।

  • P-9: दोपहिया वाहनों के लिए बास्केटबॉल परिसर।

  • P-10: प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहनों के लिए विवेकानंद स्कूल मैदान।

आम दर्शकों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था

  • विजयनगर और मालवा मिल की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए: पंचम की फेल।

  • राजवाड़ा और मरीमाता की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए: SGSITS और बाल विनय मंदिर।

  • पलासिया और भंवरकुआं की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए: SGSITS मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान।

ड्रोन और आधुनिक कैमरों से रखी जाएगी पैनी नजर

मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। होलकर स्टेडियम और उसके आसपास के परिसरों की निगरानी के लिए 160 सीसीटीवी (CCTV) कैमरे और 60 फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 10 से अधिक हाई-टेक ड्रोन कैमरों से भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था संभालने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आज के मैच का लुत्फ उठाने के लिए स्टेडियम में लगभग 27,500 दर्शक पहुंचेंगे।