रायपुर: छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए आज और कल का दिन बेहद खास और महत्वपूर्ण होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में आज यानी 7 अक्टूबर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर तक यह मेला आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि कल यानी 8 अक्टूबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में इस मेले में शामिल होंगे।
विभिन्न विभागों में 8 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्तियां
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 8 हजार से अधिक विभिन्न पदों पर योग्य युवाओं की भर्ती की जाएगी। यह भर्तियां अलग-अलग सरकारी और निजी विभागों में की जाएंगी। रोजगार विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मेले के लिए अब तक कुल 62 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपनी 9,449 रिक्तियों (वेैकेंसी) की जानकारी साझा की है। इनमें से 8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को सीधे रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष करेंगे शिरकत
युवाओं का उत्साहवर्धन करने और उन्हें प्रेरित करने के लिए प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगामी 8 तारीख को इस रोजगार मेले में विशेष रूप से शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा की जाएगी। राज्य के जो भी इच्छुक युवा रोजगार की तलाश में हैं, वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों (डॉक्यूमेंट्स) के साथ इंडोर स्टेडियम पहुँच सकते हैं।
इस रोजगार मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें 10वीं-12वीं कक्षा पास युवाओं से लेकर आईटीआई (ITI), डिप्लोमा और इंजीनियरिंग पास सभी योग्यता वाले युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर उपलब्ध हैं। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों ही क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा।





