झारखंड : BJP की झारखंड इकाई ने राज्य में CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के खिलाफ रांची से अपनी राज्यव्यापी ‘आक्रोश’ रैली की शुरुआत की। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शहर के मोराबादी मैदान में एकत्र हुए और बाद में उन्होंने ‘‘हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ’’ का नारे लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया। 

आंदोलन का नेतृत्व BJP के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने किया। उनके साथ रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, हटिया से विधायक नवीन जायसवाल और रांची के उप महापौर संजीव विजयवर्गीय भी शामिल थे। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रकाश ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ गठबंधन- झामुमो, कांग्रेस और राजद ‘अली बाबा चालीस चोर’ की एक टीम है। सोरेन के शासन में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। बालू, पत्थर, कोयला और लोहे सहित अन्य खदानों और खनिजों की लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि  बेरोजगारी अपने चरम पर है। सोमवार से शुरू हुई भाजपा की 'आक्रोश' रैली 25 नवंबर तक चलेगी। 

वहीं, झामुमो महासचिव और पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा की रैली को ''फ्लॉप शो'' करार दिया। उन्होंने कहा कि रैली को जनता का समर्थन नहीं मिला। रैली मोराबादी मैदान से शुरू हुई, लेकिन जब यह जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, तो भीड़ आधे से भी कम हो गई। यह भाजपा की हताशा रैली थी। 

दूसरी तरफ झारखंड कांग्रेस ने भाजपा की आक्रोश रैली को 'नाटक' करार दिया। कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा झारखंड में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। अपनी उपस्थिति दिखाने के लिए वे सड़क पर नाटक कर रहे हैं। झारखंड में भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।