शेखपुरा। मूलत: बिहार के रहने वाले एक पत्रकार का शव झारखंड की राजधानी रांची में मिला है। शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनबीघा गांव निवासी सुधांशु शेखर की लाश रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के स्टेडियम के पास से मिली है। वह अपने रिश्तेदार की शादी में 29 नवंबर को वहां गया था। उसके बाद से वह लापता था। वहीं शुक्रवार की सुबह उसकी लाश स्टेडियम के पास मिली। रांची पुलिस इस शव की पहचान की कोशिश में जुटी हुई थी। इस बीच शेखपुरा में परिवार को इंटरनेट मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिली और तस्वीर के जरिए पहचान की गई।

पोस्टमार्टम के लिए रिम् भेजा गया है शव

धुर्वा थाना पुलिस के द्वारा लाश को बरामद कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। गांव के परिजनों ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मिली तस्वीर के बाद उसकी पहचान की है। बताया जाता है कि रांची में सुधांशु कई न्यूज चैनलों में काम कर चुका था। इधर कुछ दिनों से मोकामा में एक निजी स्कूल का संचालन किया जा रहा था। निजी स्कूल के संचालन के क्रम में काफी कर्ज हो गया और लॉकडाउन में कर्ज बढ़ता गया, जिसके बाद वह परेशानी में था। वही उसकी लाश शुक्रवार की सुबह मिली है।