पाकिस्तान में वीडियो ऐप टिकटॉक के दीवाने कम नहीं हैं। अब ऐसे लोगों के लिए इमरान खान सरकार ने खुशखबरी दी है। पाकिस्तान सरकार ने TikTok पर लगा बैन हटा लिया है। पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) ने इस आश्वासन पर टिकटॉक की सेवाओं को बहाल कर दिया है कि अब इस प्लेटफॉर्म पर अनैतिक और अश्लील सामग्री का प्रचारित नहीं किया जाएगा। पीटीए ने एक ट्वीट में कहा, कंपनी ने आश्वासन दिया कि जो यूजर्स लगातार गैरकानूनी सामग्री अपलोड करने में शामिल हैं, उन्हें प्लेटफॉर्म का उपयोग करने से रोक दिया जाएगा।
पीटीए ने कहा कि आश्वासनों को ध्यान में रखते हुए टिकटॉक से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। हालांकि, प्राधिकरण ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए TikTok की निगरानी करना जारी रखेगा कि पाकिस्तान के कानून और सामाजिक मूल्यों के विपरीत गैरकानूनी सामग्री का प्रसार न किया जाए।
पाकिस्तान में TikTok पर जुलाई में प्रतिबंध लगाया गया था। पीटीए प्रतिबंध के बाद टिकटॉक प्रबंधन के साथ लगातार बातचीत कर रहा था। पाकिस्तान में चौथी बार TikTok पर रोक लगाई गई थी। जुलाई 2021 में पाकिस्तान ने एक बार फिर देश में अनुचित सामग्री को हटाने में विफल रहने के लिए टिकटॉक को अवरुद्ध कर दिया था। अक्टूबर 2020 में PTA ने अश्लील और अनैतिक सामग्री के बारे में शिकायतें मिलने के बाद पहली बार TikTok पर प्रतिबंध लगा दिया, लेकिन केवल 10 दिनों के बाद प्रतिबंध हटा लिया था।
भारत में भी टिकटॉक पर लगा है बैन
भारत में भी टिकटॉक पर बैन लगा हुआ है। जून 2020 में भारत सरकार ने कहा था कि वह टिकटॉक सहित चीनी कंपनियों द्वारा बनाए गए 59 ऐप पर प्रतिबंध लगा रही है। ये ऐप देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल थे।