धनबाद  | की आम जनता अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के भरोसे नहीं रहने वाली। गया पुल चौड़ीकरण और फ्लाईओवर बनाने की मांग को लेकर बिना किसी राजनीतिक बैनर तले पिछले दो-तीन महीने तक आम लोगों ने ट्विटर पर अभियान छेड़ा। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर हस्ताक्षर अभियान तक चलाया। इसके बाद भी गया पुल पर जाम की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। लिहाजा अब आम लोगों ने मैं हूं धनबाद के बैनर तले देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पोस्टकार्ड भेजकर अपनी समस्या से अवगत कराने का बीड़ा उठाया है। पोस्टकार्ड अभियान शुरू हो चुका है। इस अभियान का नेतृत्व कर रहीं पूजा रत्नाकर ने बताया कि अगले 15 दिन तक पांच हजार पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य रखा गया है। यह संख्या बढ़ भी सकती है। पोस्टकार्ड 30 नवंबर तक जमा किया जाएगा। एक दिसंबर को प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए सारे पोस्टकार्ड को डिस्पैच कर दिया जाएगा।

समस्या के समाधान के लिए अब तक सिर्फ खानापूर्ति

पूजा रत्नाकर ने अपने पोस्टकार्ड में लिखा है कि गया पुल के पास प्रतिदिन लगने वाले जाम से धनबाद की जनता त्रस्त है। प्रतिदिन विद्यालय की बस, एंबुलेंस अधिकारियों की गाड़ियां, जाम में फंसती है। गया पुल की जर्जर हालत को देखते हुए पुल की चौड़ीकरण तथा फ्लाईओवर जरूरी। प्रशासन इसमें अनदेखी कर रहा है। सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। तृप्ति विकास लिखती हैं कि हम सभी धनबादवासी आपसे हाथ जोड़कर विनती करना चाहते हैं कि शीघ्र अतिशीघ्र गया पुल का चौड़ीकरण तथा नया फ्लाईओवर देने का कष्ट करें। महाशय हर वर्ष पुल के नीचे होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। महोदय केवल ब्रिज का टेस्टिंग किया जाता है। हमें टेस्टिंग के नाम पर केवल छला जा रहा है। हम आम जनता जीवन और मौत से हर रोज लड़ रहे हैं। हम सभी की अंतिम उम्मीद आप से ही है। हमें केवल आशा ही नहीं विश्वास भी है कि आप हमारी समस्या का निदान करेंगे। पूर्ण विश्वास है कि आप हम सभी की परेशानी अवश्य समझेंगे।

धनबाद प्रशासन और नगर निगम से कोई उम्मीद नहीं

संजू चावड़ा मटकुरिया रोड ने लिखा है कि यहां का प्रशासन और नगर निगम तो अनदेखी कर ही रहा है, आपसे उम्मीद है कि धनबाद की जनता की समस्या दूर होगी। कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए आपसे निवेदन है कि आप हमारी समस्या का समाधान करें। यहां के लोगों को अब आप से ही उम्मीद है। हम सभी धनबाद के निवासी आप से प्रार्थना करते हैं कि आप धनबाद शहर के गया पुल का चौड़ीकरण तथा नया फ्लाईओवर देने का कष्ट करेंगे। सड़क भी ठीक होने के कारण हमें बहुत ही दिक्कत हो रही है। यहां का प्रशासन किसी भी चीज पर ध्यान नहीं दे रहा है। नगर निगम के लोग भी अनदेखी कर रहे हैं।