
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के सचिव शोभित जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सागर में जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले में मानव अधिकार आयोग से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर सागर कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी क्षितिज सिघल, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर आर्य ने मानव अधिकार आयोग के सचिव जैन को जानकारी दी कि सागर में लंबित प्रकरणों का निराकरण समय पर किया जा रहा है, कोई भी प्रकरण विवेचना में नहीं है। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने भी विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी दी। मानव अधिकार आयोग जैन ने जिले की समीक्षा के उपरांत कह कि सागर में मानव अधिकार आयोग के लंबित प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से किया जा रहा है, जो निःसंदेह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार हनन के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित रुप से समीक्षा कर उनका निराकरण संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है। इस प्रकार की गई तत्काल कार्रवाई से जहां एक ओर मानव अधिकारों का हनन होने से रोका जा सकता है, वहीं दूसरी ओर जनसामान्य के अधिकारों की सुरक्षा भी होती है।
मानव अधिकार आयोग के सचिव जैन ने कहा कि मानवाधिकार हनन के प्रकरणों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में समस्त अधिकारियों को उनका विशेष अभिमत भी स्पष्ट रूप से देना चाहिए। उन्होंने कहा कि, जिले स्तर पर केस डिस्पोजल होने से संबंधित को जल्द राहत भी पहुंचाई जा सकती है।
मानव अधिकार आयोग सचिव जैन ने किया केंद्रीय जेल सागर का निरीक्षण
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के सचिव शोभित जैन ने बुधवार को सागर स्थित केंद्रीय जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक राकेश बांगड़ सहित जेल स्टाफ मौजूद था।
आयोग के सचिव जैन ने केंद्रीय जेल सागर की रसोईघर, भण्डार कक्ष, हथकरघा केंद्र, व्हीसी रूम, बंदियों के लिये लीगल हेल्प डेस्क रूम सहित महिला वार्ड की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया। सचिव जैन ने महिला वार्ड में पहुंचकर बंदी महिलाओं से भोजन को लेकर पूछताछ की। जैन ने केंद्रीय जेल में हथकरघा केंद्र का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने कपडा निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।