
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विभिन्न दलों से गठबंधन की बात हो गई है। जल्दी सीटें भी तय कर दी जाएंगी। रालोद से हमारा गठबंधन है। जल्द ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी हमारे साथ होंगे। उनके साथ वालों का भी पूरा सम्मान होगा। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी तय करेगी कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को यहां राष्ट्रीय जनवादी पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जा रही है और समाजवादी सरकार आएगी। जनता ने यह तय कर लिया है। उन्होंने मंदिर के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय मैं बने मंदिर का भी दर्शन करना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने का काम करती है उसे फिर से भारतीय इतिहास को पढ़ना चाहिए। अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को पूरी तरह फेल बताया। कहा कि महंगाई बेरोजगारी और किसानों की अनदेखी की वजह से जनता ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सपा और रालोद के बीच गठबंधन को लेकर खाका पूरी तरह तैयार हो गया है। दोनांे के बीच गठबंधन का ऐलान 21 नवंबर को राजधानी लखनऊ के ताज होटल में होगा। सपा के संस्थापक तथा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन (22 नवंबर) से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी तथा राष्ट्रीय लोकदल के बीच गठबंधन का औपचारिक एलान होगा। लखनऊ में 21 को अखिलेश यादव व जयंत चौधरी गठबंधन का एलान करेंगे। इसके बाद दोनों साझा प्रेस कान्फ्रेंस भी करेंगे। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल ने 403 में से 40 सीट मांगी है, जबकि समाजवादी पार्टी ने इनको 32 सीट देने का मन बनाया है। राष्ट्रीय लोकदल की पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में अच्छी पकड़ है।