वैश्विक मंच से पुरूस्‍कार मिलना देश व प्रदेश के लिए गौरव  का विषय- प्रमुख सचिव  शुक्‍ला

वर्ल्ड ट्रेवल मार्केट, लंदन में वर्ल्ड रिस्पांसिबल टूरिज्म अवार्ड-2021 में किया गया सम्मानित


मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन परियोजना को लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट (डब्ल्यूटीएम) वर्ल्ड रिस्पांसिबल टूरिज्म अवार्ड-2021 समारोह में अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर “सर्वश्रेष्‍ठ परियोजना” का पुरस्‍कार प्रदान किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय रिस्पासिबल टूरिज्म केन्द्र ने यह पुरुस्कार “कोविड उपरांत सर्वश्रेष्‍ठ पर्यटन स्‍थल विकास” की श्रेणी में प्रदान किया। इसी श्रेणी में मध्यप्रदेश ग्रामीण पर्यटन को जोनल स्तर पर “स्‍वर्ण पुरस्‍कार” भी दिया गया। एक अन्‍य श्रेणी “पर्यटन में विविधता” के श्रेत्र में मध्‍यप्रदेश की “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन” परियोजना की परिकल्‍पना को डब्ल्यूटीएम ने श्रेष्‍ठ परियोजना की मान्‍यता का पुरस्कार दिया। पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रबंध संचालक राज्‍य पर्यटन  विकास निगम एस. विश्‍वनाथन और उप संचालक (कार्यक्रम एवं बाजार) टूरिज्म बोर्ड  युवराज पडोले ने पुरस्कार प्राप्‍त किया। डब्ल्यूटीएम ने पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में इन परियोजनाओं से होने वाले आर्थिक-सामाजिक परिवर्तन की आशा की। लंदन में यह समारोह एक से तीन नवंबर तक आयोजित किया गया।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति  शिव शेखर शुक्‍ला ने पर्यटन विभाग की इस उपलब्धि पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक मंच से मध्‍यप्रदेश पर्यटन को सम्‍मानित किया जाना निश्‍चित रूप से देश एवं प्रदेश के  लिए गौरव का विषय है। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान की परिकल्‍पना स्‍वरूप हमारा प्रयास है कि हम मध्‍यप्रेदश में ग्रामीण पर्यटन को ओर बेहतर तरीके से विकसित करें। 

वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट (डब्ल्यूटीएम) वर्ल्ड रिस्पांसिबल टूरिज्म अवार्ड-2021 को प्रदान करने के पूर्व अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर सभी देशों को चार जोन में विभाजित किया जाता है। उनमें भारत, ऑस्‍ट्रेलिया, यूरोप  तथा मिडिल ईस्‍ट में जोनल स्तर पर 'स्‍वर्ण पुरस्‍कार' प्रदान किए जाते हैं। 'स्वर्ण पुरस्कार' प्राप्‍त परियोजनाओं में से सर्वश्रेष्‍ठ परियोजना को चयन कर “अंतरराष्‍ट्रीय पुरस्कार” दिया जाता है, जो वर्ष 2021 के लिए म.प्र. ग्रामीण पर्यटन को दिया गया।

 विश्वनाथ ने बताया कि ग्रामीण पर्यटन परियोजना अंतर्गत प्रदेश में 100 ग्रामों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसमें समुदाय की भागीदारी से पर्यटन की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। ग्रामीण पर्यटन अंतर्गत प्रमुख गतिविधियों जैसे कि ग्राम में ठहरने हेतु बेहतर सुविधा, स्‍थानीय खान-पान, लोक संगीत, ग्रामीण खेल-कूद, स्‍थानीय कला एवं हस्‍त कला और युवाओं का कौशल उन्‍नयन आदि शामिल हैं। इसके संचालन से न केवल स्‍थानीय समुदाय को लाभ होगा बल्कि आने वाले पर्यटकों को भी नए अनुभव प्राप्‍त होंगे। 
 
एक अन्य प्रयास 'महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्‍थल' परियोजना अंतर्गत 50 चयनित पर्यटन स्‍थलों पर कार्यशील महिलाओं की संख्‍या में वृद्धि की जाएगी। महिला पर्यटकों के लिए अधोसंरचना विकास, स्‍थानीय हितधारकों की क्षमता वृद्धि, समुदाय आधारित संगठनों का निर्माण और महिलाओं को आत्‍मसुरक्षा प्रशिक्षण इत्‍यादि गतिविधियों का क्रियान्‍वयन किया जाएगा। पर्यटन स्‍थलों पर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित कर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण  किया जाएगा जिससे महिला पर्यटक स्‍वच्‍छंद रूप से पर्यटन का आनंद उठा सकेंगी।


डब्ल्यूटीएम वर्ल्ड रिस्पांसिबल टूरिज्म अवार्ड

डब्ल्यूटीएम पर्यटन की विश्व स्तरीय संस्था है। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय रिस्पासिबल टूरिज्म केन्द्र एक महत्वपूर्ण भाग है। डब्ल्यूटीएम लंदन के प्रमुख  साइमन प्रेस है और हेराल्ड गुडविन रिस्पासिबल टूरिज्म सलाहकार और अन्तर्राष्ट्रीय रिस्पासिल रिम केन्द्र के प्रमुख हैं। अन्तर्राष्ट्रीय रिस्पासिबल

टूरिज्म केन्द्र ने 2021 में छह श्रेणी में अवार्ड की घोषणा की है। 

इसमे सभी देशों को भौगोलिक दृष्टि से जोनल एवं ग्लोबल स्तर में  विभाजित किया गया। प्रत्येक देश की प्रविष्टिया प्राप्त की जाकर तीन स्तर गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रास में मूल्यांकन किया गया। जोनल स्तर पर गोल्ड स्तर के प्रतियोगियों के मध्य से ग्लोबल पुरस्कार का चयन किया गया है।


प्रति वर्ष लंदन में आयोजित होने वाले वर्ल्‍ड ट्रैवल मार्केंट, लंदन (WTM London), पर्यटन के क्षेत्र का एक बड़ा कार्यकम है, जिसमें विश्व भर के टूर, ट्रैवल एवं टूरिज्‍म के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाएं भाग लेती है। यह दु‍निया भर में एक बड़ा मंच है जिसमें पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को पहचान मिलती है, साथ ही बाज़ार एवं व्‍यवसाय को बढ़ाने के अवसर मिलते है। मध्‍यप्रदेश पर्यटन भी हर वर्ष इस आयोजन में सम्मिलित होता है। आयोजन में पर्यटन के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाली संस्थाओं को विभिन्न श्रेणियों में अवॉर्ड प्रदान किया जाता है।