
नई दिल्ली । देश का मौसम लगातार बदल रहा है। दिल्ली, हरियाणा, यूपी और बिहार में सुबह शाम हल्की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। दूसरी ओर, दक्षिण में इस समय वर्षा का दौर जारी है। तमिलनाडु के लिए तीन दिनों का बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तमिलनाडु में बारिश के आसार हैं। जबकि, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ना शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत में हवा का रुख बदलने लगा है। सुबह और शाम को मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। ऐसे में, इस बार कितनी ठंड पड़ेगी, इसका अनुमान लगाया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, इस साल देश में ठंड ज्यादा ठिठुरन पैदा करने वाली होगी। इस बार की ठंड पिछले कुछ सालों की तुलना में ज्यादा तेज होने वाली है। अगर दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें, तो यहां लगातार मौसम बदल रहा है। सुबह-शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। ठंड बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली में हवा भी दूषित हो रही है। एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार खराब श्रेणी में पहुंच रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में नवंबर के दूसरे सप्ताह में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। अक्टूबर के महीने में राज्य में तापमान और बारिश की स्थिति सामान्य रही। 1 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के औसत न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। राज्य में सुबह-शाम ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से यहां सर्दी काफी बढ़ गई है।