जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें पीसीसी कार्यालय में श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ जलेबी चौक से इंदिरा रन फॉर पॉवर मैराथन दौड़ को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए हरी झडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि उन्होने भाजपा के कांग्रेस के 70 साल के शासन को नाकाफी बताने पर तीखे शब्दो में कहा कि कांग्रेस को ही जाता है आज के आधुनिक भारत के निर्माण का श्रेय।
सीएम गहलोत ने कहा कि आज जो आधुनिक भारत है, आधुनिक राजस्थान है यह सब कांग्रेस पार्टी की देन है। कांग्रेस के महान नेताओं ने इस देश को एकजुट और अखंड रखने में अपनी जानों की आहुति दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी शहीद हो गईं लेकिन उन्होंने खालिस्तान के मंसूबे कामयाब नहीं होने दिए। उन्होंने कहा कि अपनी मृत्यु से 1 दिन पहले ही इंदिरा गांधी को आभास हो गया था इसीलिए उन्होंने उड़ीसा में कहा था कि अगर मेरी जान भी चली जाए तो मैं परवाह नहीं करूंगी। मेरे खून का एक-एक कतरा इस देश को मजबूती और एकता प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े करके एक अलग देश बांग्लादेश बना दिया। उस वक्त करोड़ो लोग शरणार्थी के रूप में भारत आ गए थे। शरणार्थी कैंपों में उन्हें भी काम करने का मौका मिला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं पंडित नेहरू, सरदार पटेल, इंदिरा गांधी, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जैसे नेताओं ने इस देश को संविधान के जरिए बराबरी का हक दिया। जहां पर सभी धर्मों, जातियों और अनेक बोली बोलने वाले लोग रहते हैं। बावजूद इसके भारत अनेकता में एकता वाला देश है। यह हमारे नाम महान नेताओं की वजह से संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विचारधारा कांग्रेस पार्टी की है, वहीं विचारधारा इस देश की है। उन्होने भारतीय जनता पार्टी के देश पर सात साल के शासन को रेखाकिंत किया और कहा कि आज जिस पार्टी की सरकार को कांग्रेस के 70 साल के विकास दिखाई नहीं देता उसी विकास की बदौलत भारतीय जनता पार्टीग् की केन्द्र में सरकार चल रही है।