
रायपुर। कांग्रेस शासित राज्यों में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमसान के बीच छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि कोई भी निर्णय करने का विशेषाधिकार हाईकमान का है। जो भी निर्णय होगा, वहीं से होगा। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया ने सिंहदेव से सवाल किया कि पिछले दौरे में आपने कहा था कि फैसला सुरक्षित है, आखिर यह फैसला कब तक सुरक्षित रहेगा। इसके जवाब में सिंहदेव ने कहा कि बात जब हाईकमान के पास है, तो निर्णय भी उनको ही लेना है।
किसी ने सोचा नहीं था, लेकिन अचानक पंजाब की स्थिति पैदा हो गई। एक प्रक्रिया है, जो चल रही है। लोग ढाई-ढाई साल की बात कर रहे हैं, ढाई साल भी बीत गया। कहीं न कहीं चर्चा चलती रहती है। चर्चा को अंजाम तक ले जाने की जो बात है, वो निर्णय के रूप में आ जाता है। सिंहदेव ने कहा कि पंजाब में इतना बड़ा फैसला हुआ। यह भी हाईकमान की इच्छा को प्रदर्शित करता है। सभी जगह कुछ न कुछ गतिविधियां चल रही है, जो भी होगा, हाईकमान निर्णय लेगा।