भोपाल । भोपाल सहित जबलपुर, इंदौर और छिंदवाड़ा नगर निगम में महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव के लिए शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस दौरान 43 लाख 25 हजार 91 मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार को चुनेंगे। इसमें पुरुष मतदाता 22 लाख 73 हजार 737, महिला मतदाता 20 लाख 51 हजार 185 और अन्य मतदाता 169 शामिल हैं।

चार महापौर के अलावा कुल 417 वार्डों के पार्षदों के निर्वाचन के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। इसके लिए जिलों में 5241 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।

परिषदों के लिए भी वोटिंग

चार नगर निगम क्षेत्रों के अलावा शनिवार को ही नगर परिषद बनखेड़ी, बड़ोनी, शमशाबाद, छापीहेड़ा और पटेरा में भी वोटिंग हो रही है। इसके अलावा नगरपालिका परिषद हरदा और नगर परिषद छनेरा में अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए मतदान हो रहा है।

18 दस्तावेज मान्य

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 18 प्रकार के दस्तावेज मान्य किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, बैंक, किसान, डाकघर पासबुक, शस्त्र लाइसेंस, पट्टा, रजिस्ट्री, विकलांगता प्रमाण पत्र, निराश्रित प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र शामिल हैं।

कहां कितने केंद्र और वोटर

- नगर निगम भोपाल में 1743 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 15 लाख 11 हजार 456 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 8 लाख तीन हजार 409 पुरुष, 7 लाख 7 हजार 990 महिला और 57 अन्य मतदाता हैं। भोपाल में महापौर के 17, पार्षद के 456 उम्मीदवार हैं।

- इंदौर में 2092 मतदान केंद्रों पर 16 लाख 66 हजार 598 मतदाता हैं। इनमें 8 लाख 72 हजार 949 पुरुष, 7 लाख 93 हजार 586 महिला और 63 अन्य मतदाता हैं। इंदौर में महापौर के 5, पार्षद के 320 प्रत्याशी हैं।

-जबलपुर में 1026 मतदान केंद्र और 8 लाख 90 हजार 131 मतदाता हैं। इनमें 4 लाख 65 हजार 583 पुरुष, 4 लाख 24 हजार 511 महिला और 37 अन्य मतदाता हैं। जबलपुर में महापौर के 7, पार्षद के 403 प्रत्याशी हैं।

-छिंदवाड़ा में 233 मतदान केंद्र और एक लाख 55 हजार 810 मतदाता हैं। इनमें 79 हजार 406 पुरुष, 76 हजार 400 महिला और 4 अन्य मतदाता हैं। छिंदवाड़ा में महापौर के 6 एवं पार्षद के 166 अभ्यर्थी हैं।

- नगर परिषद् बनखेड़ी में 15 मतदान केंद्र और 14 हजार 312 मतदाता हैं। इनमें 7528 पुरुष एवं 6784 महिला मतदाता हैं।

- बड़ौनी में 15 मतदान केंद्र और 6523 मतदाता हैं। इनमें 3411 पुरुष एवं 3108 महिला और 4 अन्य मतदाता हैं।

- शमशाबाद में 15 मतदान केंद्र और 7434 मतदाता हैं। इनमें 3918 पुरुष एवं 3516 महिला मतदाता हैं।

- छापीहेड़ा में 15 मतदान केंद्र और 5321 मतदाता हैं। इनमें 2693 पुरुष तथा 2628 महिला मतदाता हैं।

- पटेरा में 15 मतदान केंद्र और 6458 मतदाता हैं। इनमें 3398 पुरुष एवं 3060 महिला मतदाता हैं।

- छनेरा में 15 मतदान केंद्र और 14915 मतदाता हैं। इनमें 7591 पुरुष, 7320 महिला एवं 4 अन्य मतदाता हैं।

-नगरपालिका परिषद हरदा में 57 मतदान केंद्र और 46 हजार 133 मतदाता हैं। इनमें 23 हजार 851 पुरुष एवं 22 हजार 282 महिला मतदाता हैं।