अहमदाबाद| गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले भाजपा में कलह शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, मौजूदा डिप्टी CM नितिन पटेल और मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा नाराज बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नाराजगी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के कैबिनेट विस्तार को लेकर ही है। खबरें ये भी आईं कि नितिन पटेल ने मंगलवार रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला से भी मुलाकात की। दोनों के बीच लंबी बातचीत भी चली।
वाघेला से मुलाकात की भी चर्चा
बताया ये भी जा रहा है कि नितिन पटेल ने मंगलवार की रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला से मुलाकात भी की है और दोनों के बीच लंबी बातचीत भी हुई है। इसे लेकर भाजपा हाईकमान परेशान है।
कुर्सी पर खतरा मंडराया, तो खफा हुए नितिन?
सूत्रों के मुताबिक, भूपेंद्र पटेल पूरी कैबिनेट बदलना चाहते हैं यानी 27 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। फोकस नए चेहरों और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर है। यह भी कहा जा रहा है कि डिप्टी CM नितिन पटेल को केवल मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किए जा सकता है। इसके पीछे कारण भी है। दरअसल, भूपेंद्र पटेल और नितिन पटेल दोनों ही पाटीदार समाज से हैं। ऐसे में CM और डिप्टी CM पर एक ही समाज के चेहरे बैठाने से हाईकमान भी बचना चाह रही है।
नितिन की नाराजगी यहीं से शुरू होती है। भूपेंद्र सिंह चूडासमा को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। कौशिक पटेल भी खतरे के दायरे में हैं। तीनों ही विजय रूपाणी के करीबी हैं तो वे भी नाराज ही हैं।