रांची में पानी का कनेक्शन लेना अब महंगा होगा। पहले जहां 500 रुपये में रांची नगर निगम कनेक्शन देता था, अब इसके लिए लोगों को कम से कम 7 हजार और अधिकतम 42 हजार रुपये चुकाने होंगे। दरअसल पिछले साल राज्य सरकार ने झारखंड जल कार्य, जल अधिभार, जल संयोजन नियमावली-2020 को मंजूरी दी थी। लेकिन रांची नगर निगम बोर्ड के जन प्रतिनिधियों ने जनता पर बोझ बताते हुए जल संयोजन नियमावली-2020 को रांची नगर निगम क्षेत्र में लागू करने से मना कर दिया था।

लेकिन एक बार फिर नगर निगम बोर्ड की बैठक में जल संयोजन नियमावली-2020 लाई जा रही है। जिसे इस बार बोर्ड की बैठक में मंजूरी मिलना तय माना जाना रहा है। राज्य सरकार ने झारखंड के सभी नगर निकायों में संयोजन नियमावली-2020 को लागू कर दिया है। पूरी संभावना है कि 15 सितंबर को रांची नगर निगम बोर्ड की होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव की मंजूरी मिल जाएगी।