महाराष्ट्र इन दिनों भीषण बरसात की चपेट में है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में नंदुरबार जिले के ढड़गांव तालुका के चांदसैली घाट में मंगलवार को भूस्खलन हुआ। इसके बाद तालुका का संपर्क मुख्य सड़क से टूट गया था।

इस बीच बुधवार को एक बेहद दुखद घटना यहां के चांदसाली गांव में देखने को मिली। यहां 70 वर्षीय अदल्या पाडवी की 65 साल की पत्नी सिदलीबाई पाडवी की तबियत बहुत खराब हो गई। उन्हें तेज बुखार था। गांव तक कोई गाड़ी नहीं आ सकती थी और पत्नी की हालत लगातार गंभीर होती जा रही थी। ऐसे में अदल्या ने कंधे पर उठाकर पत्नी को हॉस्पिटल पहुंचाने का मन बनाया।

कठिन तपस्या के बाद भी नहीं बची पत्नी की जान
पत्नी को कंधे पर लाद अदल्या तकरीबन चार किलोमीटर चलने को मजबूर हुए। बूढी हड्डियां बार-बार जवाब दे रहीं थीं और वे रास्ते पर कई बार पत्नी को बैठाने और सुलाने के लिए मजबूर हुए। हालांकि, उनकी यह तपस्या तब विफल हो गई जब हॉस्पिटल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने उनकी जीवनसंगिनी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि तेज बुखार होने के कारण महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।