वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अब तक 1.19 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल हो चुके हैं। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अनुसार सितंबर 2021 में इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइलिंग रोजाना बढ़कर 3.2 लाख हो गई है।
टैक्स पोर्टल की दिक्कतें दूर हुईं
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा कि नए पोर्टल में आ रही तकनीकी परेशानियों को हल कर दिया गया है। वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 1.19 करोड़ रिटर्न भरे गए हैं। इनमें से 76.2 लाख करदाताओं ने रिटर्न भरने के लिए पोर्टल की ऑनलाइन यूटिलिटी का इस्तेमाल किया।
8.83 करोड़ टैक्सपेयर्स ने पोर्टल पर लॉग-इन किया
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा कि 7 सितंबर तक 8.83 करोड़ यूनीक टैक्सपेयर्स ने पोर्टल पर लॉग-इन किया। सितंबर में रोजाना औसतन 15.55 लाख टैक्सपेयर्स ने पोर्टल पर लॉग-इन किया। अभी तक 94.88 लाख से ज्यादा ITR को ई-वेरिफाई भी किया जा चुका है।
नई इनकम टैक्स पोर्टल में आ रही थीं परेशानियां
सरकार ने 7 जून को नया इनकम टैक्स पोर्टल लॉन्च किया था। तब से इसमें ढेरों समस्याएं आ रही थीं। इस कारण लोगों को इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने में परेशानी आ रही थी। लेकिन अब इन परेशानियों को दूर कर दिया गया है। इस पोर्टल को इन्फोसिस ने 4241 करोड़ रुपए में बनाया है।
30 सितंबर तक फाइल करना है इनकम टैक्स रिटर्न
वित्त वर्ष 2020-21 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न 30 सितंबर तक फाइल करना है। पहले इसके लिए 31 जुलाई आखिरी तारीख थी लेकिन इसे बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया है।