भोपाल  । बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस केन्द्र और राज्य सरकार पर लगातार हमलावर है। इसको लेकर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस बुधवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया था, लेकिन विधानसभा सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद अब युवा कांग्रेस ने सीएम हाउस के घेराव की रणनीति बनाई है।
युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि युवा कांग्रेस के विधानसभा घेराव से प्रदेश की भाजपा सरकार डर गई है। भाजपा सरकार युवाओं और किसानों की आवाज को दबाना चाह रही है। इसे हम सफल नहीं होने देगे। युवा कांग्रेस रूकने वाली नहीं है। त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने बुधवार 11 बजे पीसीसी मुख्यालय से विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया था, लेकिन विधानसभा सत्र स्थगित होने के चलते अब रणनीति को बदलकर युवा कांग्रेस ने सीएम हाउस के घेराव की रणनीति बनाई है।
त्रिपाठी ने कहा कि बेईमानी और खरीद परोख्त से बनी प्रदेश की भाजपा सरकार गूंगी बहरी हो गई है। खाने का तेल 200 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल प्रति लीटर में सैकड़ा पार कर गया है। हर तरफ महंगाई बढ़ रही है। कोरोना की दूसरी लहर के लॉकडाउन से अभी लोगों की आर्थिक स्थिति ठीक भी नहीं हुई है कि उनको महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। त्रिपाठी ने बताया युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में विधानसभा का घेराव कर भाजपा की गूंगी बहरी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।