कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन भी बाजार मजबूती के साथ खुले। बाजार लाइफटाइम हाई पर कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स ने 54,772 का और निफ्टी ने 16,359 का रिकॉर्ड स्तर छुआ। फिलहाल सेंसेक्स करीब 300 अंकों की मजबूती के साथ 54,690 पर और निफ्टी 80 अंक चढ़कर 16,340 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 15 शेयर तेजी के साथ और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। जिसमें भारती एयरटेल के शेयर 4% की तेजी के साथ और टेक महिंद्रा के शेयर 2% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
BSE पर 3,254 शेयर्स में कारोबार हो रहा है। जिसमें 1,073 बढ़त के साथ और 2,054 शेयर गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। इसी के साथ लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी 238.77 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले सोमवार को बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 125.13 अंक चढ़कर 54,402.85 पर और निफ्टी 20.05 अंक की मामूली बढ़त के साथ 16,258.25 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में टॉप गेनर और लूजर शेयर्स का हाल
केमप्लास्ट सनमार का IPO खुला
नुवोको और कारट्रेड के बाद आज यानी मंगलवार को केमप्लास्ट सनमार का IPO भी खुल गया है। निवेशक 12 अगस्त तक IPO में पैसा लगा सकेंगे। जिसके लिए कंपनी ने इश्यू का प्राइस बैंड 530-541 रुपए तय किया है। कंपनी IPO के जरिए 3 हजार 850 करोड़ रुपए जुटाएगी। IPO में निवेश करने के लिए एक लॉट यानी 27 शेयर के लिए बोली लगानी होगी। जिसके लिए निवेशक को कम से कम 14 हजार 607 रुपए का निवेश करना होगा।
शेयर बाजार LIVE अपडेट
12:02 PM बाजार ने नया रिकॉर्ड बनाया, सेंसेक्स ने 54,779.66 का रिकॉर्ड स्तर हुआ।
11:00 AM बाजार लाइफटाइम हाई पर पहुंचे, सेंसेक्स ने 54,759.67 का और निफ्टी ने 16,354.10 का रिकॉर्ड स्तर छुआ।
10:00 AM डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे कमजोर होकर 74.41 के स्तर पर खुला।
09:15 AM बाजार मजबूती के साथ खुले। सेंसेक्स 54,461.31 पर और निफ्टी 16,274.80 पर खुला।
दुनियाभर के शेयर बाजार के हाल

FII और DII डाटा
सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 211 करोड़ रुपए के शेयर की खरीदारी की। जबकि DII ने 716 करोड़ रुपए के शेयर की बिकवाली की।
अमेरिका के शेयर बाजार
अमेरिका के शेयर बाजार की बात करें तो डाओ जोंस 0.30% गिरकर 35,101 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.16% की मजबूती के साथ 14,860 और S&P 500 मामूली गिरावट के साथ 4,432 पर बंद हुआ।