पीछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक छोटे लड़के का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल का यह बच्चा 'जाने मेरी जानेमन, बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे' गाना गाता दिखाई दे रहा है। इस बच्चे ने जिस अनोखे अंदाज से यह गाना गाया है, वो सभी के दिलो-दिमाग पर छाया हुआ है। 12 साल के सहदेव दिरदो का यह गाना सोशल मीडिया यूजर समेत बॉलीवुड सेलेब्स को भी काफी पसंद आ रहा है। अब हाल ही में एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने भी एक पोस्ट शेयर कर बताया है कि सहदेव के 'बसपन का प्यार' गाने ने उनकी रातों की नींद उड़ा दी है। उन्होंने पोस्ट में एक मीम शेयर किया है, जिसमें एक शख्स का कार्टून है, जो बेड पर सोता नजर आ रहा है। इस मीम पर लिखा है-"मैं रात को शांति से सोने की कोशिश कर रहा, लेकिन दिमाग में 'जाने मेरी जानेमन, बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे' चल रहा है।" अनुष्का ने इसके साथ हंसने वाली इमोजी भी शेयर की है। बता दें कि सहदेव का यह गाना साल 2019 में उनके स्कूल टीचर ने क्लास में रिकॉर्ड किया था। स्कूल ड्रेस में पूरे डिसीप्लीन के साथ गा रहे सहदेव के इस गाने ने अब सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है और लगभग हर कोई इसी गाने को गुनगुनाते दिख रहा है।